सड़क किनारे खोदाई पर उठे सवाल, डीएम बोलीं-की जा रही कार्रवाई
नई टिहरी। त्यूणी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कद्दूखाल में पहाड़ी दरकने के बाद सात खोखे (टिनशेड) खतरे की जद में आ गए हैं। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने खोखा संचालकों को वहां कामकाज नहीं करने के निर्देश दिए है। सभी प्रतिष्ठानों पर लाल क्रॉस का निशान लगाकर नोटिस चस्पा किए गए है। राजस्व विभाग ने जांच में पाया कि सड़क किनारे बिना अनुमति खोदाई की जा रही थी जिससे पहाड़ी कमजोर होने से भूस्खलन हुआ। ऐसे में अब निर्माण कार्यों की निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि बुधवार शाम बारिश के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 707ए पर कद्दूखाल में पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया। इससे सरकारी भूमि पर बना एक अनुपयोगी रेस्टोरेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सात खोखे खतरे की जद में आ गए। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पहले ही दुकानों, रेस्टोरेंट और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया था। इसी कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
खतरे वाले सभी प्रतिष्ठानों पर लाल क्रॉस का निशान लगा दिए गए है। दुकान संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वहां पर फिलहाल कोई भी गतिविधि संचालित न करें। बताया राजस्व निरीक्षक और तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उक्त स्थान पर एक व्यक्ति द्वारा निर्माण कार्य के लिए बिना अनुमति खुदाई की जा रही थी जिससे वहां भूस्खलन हुआ। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।