भिलंगना ब्लॉक के घुत्तु क्षेत्र में अतिवृष्टि से फसलों और फलदार पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है। अत्यधिक बारिश होने से गदेरों का मलबा देवलंग, ग्वाडा, घुत्तु और गंगी गांव के धान के खेतों में जा घुसा। मलबे से धान, चौलाई, मंडुवा, आलू के पौधे बर्बाद हो गए। आडू, पुलम, खुमानी के फलदार पेड़ों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
जिला पंचायत सदस्य सीता रावत, कृष्णा उनियाल, ज्येष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह गुसाईं, भजन रावत, प्रधान गौतम शाह, संतोषी, पवन पंवार ने बताया कि बीते बुधवार देर शाम क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि हुई है। गदेरे उफान पर आने से जगह-जगह खेतों में मलबा घुस गया। ओलावृष्टि और मलबा घुसने से सबसे अधिक नुकसान धान, चौलाइ और मंडुवे की फसल को हुआ है। उन्होंने शासन-प्रशासन से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर जल्द से जल्द प्रभावित काश्तकारों का मुआवजा देने की मांग की है। भजन रावत ने बताया कि घुत्तु गदेरे से मलबा आने के कारण रात को गंगी की सड़क बंद हो गई थी। हालांकि सुबह मलबा हटाने के बाद यातायात सुचारु हो गया था।