चीन और कोरिया से लौटे मंदार गांव के पांच युवकों का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परीक्षण कर ग्रामीणों को कोरोना वायरस के लक्षणों, बचाव के तौर तरीके बताए। उन्होंने युवकों को जिला अस्पताल में आकर जरूरी जांचें करवाने की भी सलाह दी।
जाखणीधार ब्लाक के मंदार गांव के चार युवक चीन और दो कोरिया में नौकरी करते हैं, लेकिन दोनों देशों में कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए युवक एक सप्ताह पहले स्वदेश लौट आए हैं। जानकारी मिलने पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के फार्मेसिस्ट राजीव पंवार, संजीव पंवार के नेतृत्व में टीम ने गांव पहुंचकर विदेश से लौटे युवकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को कोरोना वायरस के लक्षणों की जानकारी दी। उन्होंने वायरस से निपटने के लिए साबुन, हैंडवॉस से अच्छी तरह हाथ धोने, सेनेटाइजर का प्रयोग करने, बुखार, जुकाम से पीड़ित व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करने, मुंह पर मास्क लगाने, गर्म पानी का सेवन करने की सलाह दी।
सीएमओ डा. मीनू रावत ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम को गांव में भेजा गया था। बताया कि सभी युवक स्वस्थ हैं, लेकिन उन्हें जिला अस्पताल बौराड़ी आकर जरूरी जांच करवाने की सलाह दी गई है। बताया कि बौराड़ी अस्पताल में कोरोना वायरस से निपटने के लिए सभी सुविधाएं मुहैया करवाई गई है।