भिलंगना ब्लॉक के ग्राम पंचायत चकरेड़ा में अनुसूचित जाति बस्ती का प्राथमिक स्कूल भवन तीन साल से क्षतिग्रस्त है, जिससे 95 छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डाल कर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा विभाग से स्कूल भवन की मरम्मत करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो 20 सितंबर से तहसील में अनशन किया जाएगा।
नैलचामी पट्टी के ग्राम चकरेड़ा में अनुसूचित जाति बस्ती का प्राथमिक स्कूल भवन तीन साल से जर्जर है। भवन की स्थिति को देखते हुए वर्ष 2016-17 आपदा मद में भवन निर्माण व मरम्मत का प्रस्ताव रखा गया था, बावजूद शासन से अनुदान राशि जारी नहीं की गई है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गौरिया लाल ने बताया कि स्कूल में अनुसूचित जाति के 95 छात्रों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र के 25 बच्चे भी खतरे की जद में हैं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक से प्रस्ताव भेजा था, लेकिन शासन ने सूची से ही स्कूल को हटा दिया है। इस बाबत उप खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद का कहना है कि स्कूल को जिला योजना में रखा था, लेकिन वह कट गया है। अब फिर से प्रस्ताव रखा जाएगा।