उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन बहाल करने और वेतन विसंगतियों को दूर करने सहित अन्य लंबित समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है।
रविवार को उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ शाखा प्रतापनगर की बैठक जीआईसी में संपन्न हुई। बैठक में ब्लाक अध्यक्ष राम सिंह बिष्ट ने कहा कि लंबे समय से शिक्षक शासन-प्रशासन से लंबित मांगों को हल करने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षण कार्य के साथ-साथ सरकार के अन्य कार्यक्रमों को भी बखूबी संपादित करते हैं। बावजूद उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है।
बैठक मे शाखा कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सुधा राय, सत्येंद्र नेगी, प्रकाश मोहन शाह, जयपाल सिंह बंगारी, विशंभर चौहान, विजयपाल रावत को उपाध्यक्ष, दिनेश चंद्र, कमललाल सोनी, जयेंद्र सजवाण, नीलम कलूड़ा, मोहन सजवाण, नंद किशोर थपलियाल को सह मंत्री, भगवती प्रसाद नौटियाल, सुधीर व्यास, रणवीर राणा, गुलाब सिंह, बलदेव आर्य, सूरत लाल को संगठन मंत्री, अरविंद बिष्ट को मीडिया प्रभारी, सुंदर लाल लेखा परीक्षक , बचन सिंह लेखाकार और जीत सिंह पंवार को संरक्षक बनाया गया। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम लाल आर्य, शांति प्रसाद बहुगुणा, प्रेम प्रकाश, शेखर राणा, शांति प्रसाद बहुगुणा मौजूद थे।