घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के ग्राम पोखर निवासी रमेश सिंह रावत (42) पुत्र कलम सिंह रावत की अबूधाबी (दुबई) में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक छा गया।
गांव की प्रधान सुषमा देवी ने बताया कि मृतक अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कुछ समय पहले रोजगार की तलाश में दुबई गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद ही उसकी मौत की सूचना मिलने से गांव में मातम छा गया। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक अपने पीछे पत्नी रंजीता देवी और दो नाबालिग बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के सदस्य की मौत होने से उसकी पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी, विधायक शक्ति लाल शाह और समाजसेवी रोशन रतूड़ी से रमेश का शव जल्द भारत वापस लाने की गुहार लगाई है। गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से मदद की अपील करते हुए प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है।