सीमांत पिनस्वाड़ गांव का हाल, बीएसएनएल के टावर नहीं कर रहे हैं काम
ग्रामीण हो रहे हैं परेशान, शिकायत के बाद भी नहीं हो रही समस्या हलघनसाली (टिहरी)। टिहरी जिले के सीमांत पिनस्वाड़ गांव के लोग मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे हैं। भारत संचार निगम लिमिटेड ने गांव में एक माह पूर्व मोबाइल टावर तो स्थापित कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय लोग अब तक कॉलिंग सुविधा से वंचित हैं। मजबूरन ग्रामीणों को अपने परिजनों से बातचीत करने के लिए गांव से तीन से चार किमी दूर पहाड़ी पर चढ़ना पड़ रहा है।
भिलंगना ब्लॉक के पिनस्वाड़ गांव में बीएसएनएल ने जनवरी में एक मोबाइल टावर स्थापित किया था। प्रशासन ने इसे सुचारू रूप से चालू करने की घोषणा भी दी थी, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। टावर होने के बावजूद ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क नहीं मिल रहा है। ग्राम प्रशासक दीपक जखेड़ी ने बताया कि गांव की आबादी लगभग 1200 लोगों की है। स्थानीय लोग संचार सुविधा के अभाव में परेशान हैं। उन्हें किसी जरूरी कॉल करने के लिए गांव से दूर ऊंची पहाड़ी पर जाकर बात करनी पड़ रही है।
बताया कि समस्या को लेकर कई बार बीएसएनएल विभाग को अवगत कराया जा चुका, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। गांव के लोग लंबे समय से इस समस्या के समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनका कहना है कि जब सरकार डिजिटल इंडिया और गांव-गांव इंटरनेट की सुविधा देने की बात करती है, तो फिर सीमांत गांवों में संचार सुविधाएं क्यों नहीं सुधर रही है। यदि टावर लगा दिया गया है, तो फिर वह काम क्यों नहीं कर रहा।
बीएसएनएल से टावर की तकनीकी खामियों को जल्द दूर करने की मांग की है, ताकि गांव के लोगों को मोबाइल नेटवर्क की सुविधा मिल सके। इस संबंध में बीएसएनएल के एजीएम अनीत कुमार ने बताया कि टावरों की टेस्टिंग का कार्य जारी है। जल्द ही सभी टावरों को सुचारू रूप से चालू कर दिया जाएगा।