जिले में कोरोना संक्रमण फिर बढ़ने लगे हैं। 24 घंटे में कोरोना के पांच नए मामले सामने आए हैं, जिससे जिले में अब कोरोना पॉजीटिव की संख्या बढ़कर 437 हो गई है। इनमें से 419 लोग स्वस्थ हो गए हैं।
एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि सोमवार रात को जिले में पांच नए कोरोना पॉजीटिव मिले है। इनमें से चार लोग दिल्ली और एक व्यक्ति पटियाला पंजाब से कुछ दिन पहले जिले में पहुंचे थे। स्वास्थ्य विभाग ने उनकी जांच कर सैंपल लिए थे। बताया कि पॉजीटिव मिले केस में दो-दो लोग देवप्रयाग, कीर्तिनगर और एक व्यक्ति जौनपुर ब्लॉक का है। 54 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अब तक 4807 लोगों के स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लिए हैं, जिनमें से 3676 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अभी भी 408 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। कुल 1062 लोग संस्थागत और 2128 लोग होम क्वारंटीन में रखे गए हैं।
बरेली से आया युवक कोरोना संक्रमित मिला
गोपेश्वर। चमोली जिले में मंगलवार को एक और कोरोना संक्रमित मिला। वह तीन दिन पहले ही बरेली से आया था और भराड़ीसैंण में क्वारंटीन सेंटर में रह रहा था। बाहरी राज्य से आने के कारण उसका कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में अब मरीजों की संख्या 78 हो गई है, जिसमें से 76 ठीक होकर घर जा चुके हैं। तीन दिन पहले जिले में सिर्फ एक ही एक्टिव केस रह गया था। एक और मरीज के पॉजिटिव आने के बाद एक्टिव केस दो हो गए हैं। दोनों का कोविड केयर सेंटर भराड़ीसैंण में इलाज चल रहा है। उधर जिले से 107 और संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि 159 की रिपोर्ट आनी बाकी है। संवाद
मृतक कांग्रेस नेता की कोरोना रिपोर्ट आई नेगेटिव
बड़कोट। गीठ पट्टी क्षेत्र में बीते दिनों मृत कांग्रेस नेता की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। 11 जुलाई को दागुड़ गांव निवासी कांग्रेस नेता मनवीर सिंह रावत (45) को बुखार व गले में दर्द की शिकायत के बाद बड़कोट स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मृतक में कोरोना जैसे लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने सुरक्षा की दृष्टि से उसके सैंपल जांच के लिए भेजे थे। एसडीएम सोहन सैनी ने बताया कि मंगलवार को उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। संवाद
35 लोग किए क्वारंटीन, 15 का चालान
देवप्रयाग। क्वारंटीन सेंटरों में दो दिन में 35 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। तहसीलदार एसएस कठैत ने बताया कि दिल्ली, चंडीगढ़ से पहुंचे क्षेत्र के 35 प्रवासियों को नगर स्थित तीन क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया है। बताया कि डीएम के निर्देश पर तपोवन, ऋषिकेश में लिए गए इन सभी के सैंपल जांच के लिए एम्स भेजे गए हैं। पौड़ीखाल, भरपूर, टकोली क्षेत्र के इन प्रवासियों की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही होम क्वारंटीन के लिए इन्हें अपने गांव भेजा जाएगा। वहीं, कोविड-19 की गाइड लाइनों का उल्लंघन करने के मामले में वाहन चालकों सहित वाहन में बैठे 15 लोगों का चालन किया।