किराये पर जीप लेकर आए थे हरियाणा के युवक, पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ
नई टिहरी। पुलिस ने ऑपरेशन लगाम के तहत कोटीकॉलाेनी में जीप से स्टंट कर हुड़दंग मचा रहे हरियाणा के पांच युवकों को गिरफ्तार किया। वाहन को सीज किया गया है। पुलिस ने युवकों को कानून का पाठ पढ़ाया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि सोशल मीडिया में वायरल हो रही वीडियो में देखा गया कि कुछ युवक कोटीकॉलोनी में जीप से जोखिमभरा स्टंट कर हुड़दंग मचा रहे थे। इससे अन्य लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कोटीकॉलोनी पुलिस उप निरीक्षक कमल कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कोटीकॉलोनी में झील रोड पर स्टंटबाजी कर रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया और उनकी जीप का सीज किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हुड़दंग मचा रहे कार सवार परविंदर (23) निवासी बढ़ाका थाना बिलासपुर गुड़गांव, हर्ष (21) निवासी भाखडोला थाना राजेंद्र पार्क गुड़गांव, कार्तिक (21) निवासी मुमताजपुर थाना पटोली गुड़गांव, आशिष (21) निवासी राउता थाना जफरपुर गुड़गांव और साहिल (22) निवासी माकडोला थाना राजेंद्रपार्क गुड़गांव को गिरफ्तार किया है।
हुड़दंग मचा रहे युवकों ने बताया कि वे जीप को गुड़गांव से किराये पर लेकर टिहरी घूमने के लिए आए थे। यहां रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के लिए वे स्टंटबाज़ी कर रहे थे।
युवकों ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि अब कभी स्टंट नहीं करेंगे।