टीवी सीरियल ‘कुर्बांन हुआ’ की शूटिंग के दूसरे दिन बौराड़ी सेवन-डी में दिनभर खूब चहल-पहल रही। बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने सीरियल की शूटिंग देखी। दूसरे दिन की शूटिंग में गांव के महंत ज्योति लेकर मंदिर जाने का सीन फिल्माया गया। इस सीन में स्थानीय कई युवाओं ने पंडितों की भूमिका निभाई।
फुल हाउस फिल्म एलएलपी के बैनर तले बनाए जा रहे टेलीविजन शो ‘कुर्बांन हुआ’ की दूसरे दिन की शूटिंग बौराड़ी सेवन-डी में की गई।
सीरियल के डायरेक्टर तबरेश खान के निर्देशन में मंगलवार को सीनियर कलाकार अयाम मेहता ने गांव के महंत की भूमिका निभाई, जिसमें महंत गांव के साथी पंडितों के साथ ज्योति लेकर मंदिर के लिए रवाना हुए। डायरेक्टर के सीन ओके करते ही शिफ्टिंग ब्रेक लिया गया। दिनभर कभी धूप तो कभी बादल छाए रहने कारण शूटिंग टीम की निगाहें आसमान पर भी टिकी रही। शूटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे बच्चों और महिलाओं ने सीरियल के मुख्य कलाकारों के साथ सेल्फी लेने के लिए एकत्रित हुए। कलाकारों ने भी किसी को निराश नहीं किया और कई लोगों के साथ सेल्फी ली। टीम के सदस्य सुनील ने बताया कि बौराड़ी और आसपास क्षेत्र में 23 जनवरी तक शूटिंग की जाएगी। उसके बाद देवप्रयाग, शिवपुरी और ऋषिकेश में शूटिंग की जाएगी।