नई टिहरी। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत जाखणीधार ब्लॉक के न्याय पंचायत ढुंग बडवाली के ढुंग में किसान गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि सरकार किसान सम्मान निधि, कृषि बीमा, मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, 90 फीसदी सब्सिडी पर कृषि यंत्र दे रही है।
पशुपालन और कृषि बागवानी के लिए अनुदान प्रदान कर रही है। लोगों को इसकी जानकारी लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। ढुंग में आयोजित गोष्ठी में कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी पवन कुमार काला ने कहा कि सरकार किसानों के आय बढ़ाने के लिए कई माध्यमों से प्रयास कर रही है। किसानों को चाहिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आजीविका संवर्धन करें।
सहायक कृषि अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने खरीफ फसलों की बुवाई, वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी के डॉ. पंकज ठाकुर ने पारंपरिक खेती के साथ ही जंगली जानवरों से नुकसान से बचाव के लिए मोटा अनाज का उत्पादन करने की सलाह दी। ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक शीला शुक्ला ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ड्रैगन फ्रूट की खेती, पाली हाउस लगाकर बेमौसमी सब्जी उत्पादन करने, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आकाश उनियाल ने विभाग के योजनाओं से लेकर पशुओं पर लगने वाले रोगों से निपटने के तरीके बताए। इस मौके पर ग्राम प्रशासक स्वाती देवी,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विजयपाल रावत,सहायक कृषि अधिकारी राजेश कुमार,अंकुर कुमार,अनुभव राज और विकास चौहान आदि मौजूद थे। संवाद