नई टिहरी। शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों के साथ टिहरी झील क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटकों के आकर्षण और सुविधाओं में सुधार के लिए अधिकारियों से प्रस्ताव मांगे। पर्यटन विभाग को झील में क्रूज बोट का संचालन जल्द शुरू करने, अन्य पर्यटन स्थलों को चिह्नित कर प्रचार-प्रसार करने को कहा।
शनिवार को डीएम ने कोटीकाॅलोनी पहुंचकर टिहरी बांध की झील का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शीतकालीन पर्यटन और यात्रा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। ठंड में भी पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आमद बढ़ाने के लिए सुविधाएं जुटानी होगी। डीएम ने टिहरी बांध की झील का निरीक्षण कर पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने का जायजा लिया। उन्होंने क्रूज बोट और नए बोटिंग प्वाइंट्स का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन विभाग नए पर्यटन स्थलों को चिह्नित कर उन जगहों का प्रचार-प्रसार करे, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक वहां पहुंच सके। पर्यटन विभाग को नई चिह्नित जगहों पर पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के लिए जल्द प्लान बनाने के निर्देश दिए गए। विभाग को बोटिंग स्थल पर सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा गया है। डीएम ने कहा कि दिसंबर में यहां बड़े स्तर पर एक्रो फेस्टिवल प्रस्तावित हैं, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में पैराग्लाइडर नई टिहरी-कोटीकाॅलोनी पहुंचेंगे। इस फेस्टिवल को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर सभी जरूरी व्यवस्थाएं जुटाने को कहा गया है। जिला पर्यटन अधिकारी एसएस राणा ने फेस्टिवल के लिए शुरू की गई तैयारियों की जानकारी दी।