चंबा (टिहरी)। विधायक किशोर उपाध्याय ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लंबित सड़कों के निर्माण में आ रही अड़चनें दूर कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने, मुआवजे का भुगतान करने और सड़क निर्माण से जुड़े विवादों का समाधान करने को कहा।
ब्लॉक सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक उपाध्याय ने कहा कि सड़कों के निर्माण में आ रही समस्याओं को प्राथमिकता से दूर किया जाए। जिन सड़कों के निर्माण में भूमि संबंधी विवाद या अन्य बाधाएं हैं, उन्हें संबंधित जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सुलझाया जाए, ताकि निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइनों, विद्युत लाइनों, सिंचाई गूलों और सार्वजनिक रास्तों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में लोनिवि के ईई राजविंदर सिंह बघेल, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, नगरपालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री, विनोद सुयाल, हरिप्रसाद सकलानी आदि मौजूद रहे। संवाद