श्रीदेव सुमन विवि ने सत्र 2019-20 के स्नातक और स्नातकोत्तर के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। विवि से संबद्ध महाविद्यालयों और निजी पीजी कालेजों की परीक्षाएं 31 जनवरी से 28 फरवरी के बीच संपन्न होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में होगी। नकलविहीन परीक्षा के लिए विवि ने उड़नदस्तों का गठन किया है।
श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध महाविद्यालय और निजी कालेजों में यूजी व पीजी की प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा कार्यक्रम तय किया गया है। विवि के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार बीए, बीएससी, बीकाम की प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 31 जनवरी से 28 फरवरी के बीच होंगी। इसके अलावा एमए, एमएससी, एमकाम प्रथम सेमेस्टर और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 31 जनवरी से 10 फरवरी के बीच होंगी। परीक्षाएं सुबह और शाम दो पालियों में संपन्न कराई जाएंगी। यूजी और पीजी की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से साढ़े बारह बजे तक होंगी। जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर दो बजे से सायं 4 बजे के बीच होंगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. आरएस चौहान ने बताया कि 150 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होने वाली परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने कहा कि परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के लिए उड़नदस्तों का गठन कर दिया गया है। वे स्वयं भी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।