पानी निकासी नहीं होने पर लोगों ने जताया आक्रोश, नाली निर्माण करने की मांग
कंडीसौड़ (टिहरी)। कंडीसौड़-मैंडखाल मोटर मार्ग पर मंजरूवाल गांव के पास बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। इससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के पानी से सड़क तालाब बन रही। ऐसी स्थिति में लोगों को वहां से आवागमन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कंडीसौड़-मैंडखाल सड़क पर मंजरूवाल गांव के समीप जलभराव होने से स्थानीय लोगों की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही है। गांव के सोबन सिंह रावत, आनंद सिंह गौनियाल, भाऊ सिंह, जोत सिंह, नथे सिंह, पुलम सिंह रावत, गुलाब सिंह रावत, लक्ष्मी देवी, बलबीर सिंह गौनियाल ने बताया कि पानी निकासी के लिए सड़क किनारे नाली निर्माण नहीं किया गया।
बारिश होते ही सड़क पर तालाब बन जाती है और सड़क का पानी लोगों के घरों के अंदर घुस जाता है। पूर्व प्रधान गोविंद सिंह रावत ने चेतावनी दी यदि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इस बाबत लोनिवि चंबा के ईई जगदीश खाती का कहना है कि जहां पानी की निकासी होनी चाहिए थी, वहां लोगों ने सड़क किनारे घर बना लिए हैं। फिर भी विभाग यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगा कि बरसात का पानी रुके नहीं और जलभराव की समस्या का समाधान हो सके।