नई टिहरी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू हो गया। सीडीओ एवं स्वीप की नोडल अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देश पर विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
बौराड़ी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने चित्रकला के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। जीजीआईसी चंबा में जागरूकता रैली निकाली गई। जीआईसी छपराधार और रणसोलीधार में चित्रकला, निबंध और आलेख प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता रैली आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
जाखणीधार ब्लॉक के नवाकोट में जिला पंचायत राज अधिकारी एमएम खान ने ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और आगामी विधानसभा चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। इस मौके पर ग्राम प्रधान यशोदा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी, पूर्व प्रधान भगवती रतूड़ी, एडीओ केआर रतूड़ी, वीपीडीओ मुकेश कुमार, अश्विनी कुमार, प्रीतम सिंह रावत और ब्लॉक समन्वयक दिग्विजय सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद