थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर ब्लॉक के धनोल्टी, थत्यूड़ और दर्जनों गांवों में तीन दिन से बिजली और पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है, जिस कारण लोग मोमबत्ती के सहारे रात गुजारने के लिए मजबूर हैं। पानी की आपूर्ति न होने के कारण लोगों को भटकना पड़ रहा है। जबकि मोबाइल चार्ज न होने के कारण फोन शोपीस बने हैं। लोग नाते रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे है। बिजली और जलापूर्ति न होने से पर्यटक भी धनोल्टी क्षेत्र में नहीं रुक रहे हैं।
धनोल्टी क्षेत्र में आठ जनवरी की रात को और दूसरे दिन जमकर बर्फबारी हुई। एक फीट से अधिक बर्फ गिरने के कारण धनोल्टी, बटवालधार, काणताल, कद्दूखाल, सुरकंडा देवी, ठांगधार क्षेत्र में बिजली लाइन के साथ पेयजल लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। थत्यूड़ बाजार और निकटवर्ती गांवों में भी इसी लाइन से बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन लाइन क्षतिग्रस्त होने से लोगों को बिना बिजली के ही रहना पड़ रहा है। लाइट न होने से लोगों के आवश्यक कामकाज ठप हो गए हैं। जबकि सर्दी से बचाव के लिए हीटर आदि का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। जबकि लोगों को पानी की आपूर्ति जलस्रोतों से करनी पड़ रही है। वहीं जौनपुर ब्लॉक के ग्राम खेड़ा, पापरा, भुयांसारी, ठिक्क, किंशु, तेवा, बंगसील, मोलधार, ओंतड़, क्यारी, ख्यार्सी, ललौटना, टिकरी आदि में भी बीते तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है।
व्यापार मंडल के महामंत्री सुनील भट्ट, राम प्रकाश भट्ट, सुरेंद्र रावत, जगत असवाल, सरदार सिंह रौंछैला ने प्रशासन से बिजली और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। इस बाबत ऊर्जा निगम के एई अमित तोमर का कहना है कि कड़ी मशक्कत के बाद बटवालधार क्षेत्र तक बिजली लाइन जोड़ दी गई है, लेकिन अभी कुछ तकनीकी खराबी है, जिसे ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं। बुधवार तक थत्यूड़ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। वहीं जल संस्थान के अवर अभियंता रवित शाह ने बताया कि पेयजल लाइन सिर्वा तोक से आगे क्षतिग्रस्त है, जिस पर मरम्मत कार्य चल रहा है। पाइप लाइन वाले क्षेत्र में बर्फबारी अधिक होने के कारण कार्य करने में दिक्कतें आ रही हैं।
तीसरे दिन खुला चंबा-धनोल्टी मार्ग
थत्यूड़ (टिहरी)। बर्फबारी के कारण चंबा-धनोल्टी मार्ग भी नौ जनवरी को बाधित हो गया था। हालांकि छोटे वाहनों के लिए मार्ग सोमवार को खुल गया था, लेकिन बड़े वाहनों का आवागमन नहीं हो पाया था। तीसरे दिन मंगलवार को चंबा-धनोल्टी मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद