नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक की हिंदांव पट्टी स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मथकुड़ीसैंण में पिछले दो वर्षों से शिक्षकों की कमी के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसका असर विद्यालय के परीक्षा परिणामों पर भी साफ दिखाई दे रहा है, जिससे अभिभावकों में नाराजगी बढ़ रही है। जिला पंचायत सदस्य हड़ियाणा मल्ला विक्रम सिंह घणाता ने बताया कि विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद पिछले 10 वर्षों से रिक्त है। इसके अलावा एलटी संवर्ग में सामाजिक विज्ञान व सामान्य ज्ञान तथा प्रवक्ता संवर्ग में समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास और संस्कृत के पद खाली हैं। प्रयोगशाला सहायक और चौकीदार का पद भी रिक्त चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस सत्र में विद्यालय का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 40 प्रतिशत से कम रहा। करीब 350 छात्र-छात्राओं वाले इस विद्यालय में पंगरियाणा, लैनी, डॉरसील, महर गांव मल्ला, बढ़ियार, सरपोली, चटोली, अंथवाल गांव समेत कई क्षेत्रों के विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने जल्द शिक्षकों व कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि इसी सत्र में रिक्त पद नहीं भरे गए तो ग्रामीण शासन-प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे।
इनका क्या है कहना
स्थानांतरण नीति के तहत शिक्षकों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। सप्ताह भर के भीतर खाली पड़े पदों पर नियुक्तियां होने की संभावना है। इसके बाद भी किसी विद्यालय में कोई पद खाली छूट जाते हैं, तो उस पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
कमला बडवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी टिहरी।