नई टिहरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी की ओर से सुरक्षित बचपन अभियान के तहत न्यू टिहरी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल पैन्यूला के छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों व बाल सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रिंकी साहनी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट साहनी ने छात्रों को उनके अधिकारों, सुरक्षा सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के साथ लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण, पोक्सो एक्ट 2012 आदि के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा बाल विवाह,बाल श्रम, बाल तस्करी, बाल शोषण, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया आदि के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, 112 ,15100 नंबरों के बारे में जानकारी दी। संवाद
सीएम के पास दायित्वधारी सोना ने रखी प्रतापनगर की समस्याएं
नई टिहरी। जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें प्रतापनगर विधानसभा की समस्याओं के बारे में अवगत कराया। दायित्वधारी सजवाण ने सीएम धामी से जल जीवन मिशन के तहत ठेकेदारों का लंबित भुगतान करने, क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार करने की मांग की है। बताया सीएम ने कहा कि प्रतापनगर क्षेत्र में सड़क, पेयजल और सिंचाई की कई योजनाओं को सरकार ने स्वीकृति दी है। डोबरा-चांठी-मोटणा-मदननेगी सड़क सुधारीकरण व पुनर्निर्माण की वित्तीय स्वीकृति के साथ लंबगांव बाइपास सड़क का कार्य गतिमान है। महामंत्री संगठन शर्मा ने कहा कि इस बार प्रतापनगर में भाजपा का विधायक बनाने के लिए कार्यकर्ता चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। संवाद