नई टिहरी। न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना दे रहे अंकिता भंडारी के माता-पिता को गिरफ्तार करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा आक्रोश जताया। कांग्रेस नेताओं ने मामले में कथित वीआईपी से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला, नरेंद्र चंद रमोला और शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने और मामले में कथित वीआईपी का नाम सामने आने के मुद्दे पर विरोध जता रहे थे। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में भले ही उन्हें छोड़ दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडेवाल ने भी अंकिता के माता-पिता की गिरफ्तारी पर रोष जताया। इस मौके पर गब्बर सिंह रावत, सोबन कुमाईं, वीरेंद्र दत्त, राकेश पेटवाल आदि मौजूद रहे। संवाद