नई टिहरी। टिहरी जिला सहकारी बैंक में ऋण वितरण की धीमी गति पर बैंक अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 31 अक्तूबर तक जिन शाखाओं का ऋण वितरण 50 प्रतिशत से कम रहेगा, उनके प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लापरवाही पर निलंबन और वेतनवृद्धि और वेतन रोकने कार्रवाई की जाएगी। नवरात्र से बैंक शाखाओं में कार और आवास ऋण उत्सव शुरू किया जाएगा।
जिला सहकारी बैंक मुख्यालय नई टिहरी में ऋण, जमा और बैंकिंग सेवाओं की समीक्षा बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि जिले में बैंक की 40 शाखाओं में से 35 शाखाओं का ऋण वितरण महज 15 से 25 प्रतिशत है, जबकि वित्तीय वर्ष की पहली छमाही तक यह 50 प्रतिशत होना चाहिए था। उन्होंने अधिकारियों को तय समय सीमा में ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए।
बताया बैंक की जमा राशि को 1500 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में जिला सहकारी बैंक की जमा 1385 करोड़ रुपये है, जबकि पंजाब नेशनल बैंक की जमा 1400 करोड़ रुपये है। उन्होंने एक माह में जमा राशि बढ़ाकर जिले का दूसरा बड़ा बैंक बनने का लक्ष्य अधिकारियों के सामने रखा।
उन्होंने कहा कि नवरात्र से बैंक में कार और आवास ऋण उत्सव शुरू किया जाएगा। प्रत्येक शाखा को उसकी सीमा के अनुसार कार ऋण वितरण का लक्ष्य दिया गया है। नए शिक्षकों के सीसीएल बनाने पर प्रसंस्करण शुल्क नहीं लिया जाएगा। अधिकारियों को सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम काश्तकार तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में बैंक के महाप्रबंधक राहुल गैरोला, निदेशक जयवीर मिंया, जेपी चंद, पूनम बंकवाण, अनीता कोठारी, सुनील हनुमंती, उप महाप्रबंधक भूपेंद्र रावत, चिराग बिष्ट, सोहन पाल राणा, यशवंत भंडारी आदि मौजूद रहे।