नई टिहरी। शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निस्तारण करने के लिए जिला प्रशासन ने तहसील दिवसों का रोस्टर जारी किया है। तहसील दिवस हर माह एक दिन आयोजित किया जाएगा। महीने के प्रथम मंगलवार को अवकाश व अन्य कारण से शिविर नहीं लगाए जाने पर तृतीय मंगलवार को लगाया जाएगा। दिवस में सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थिति रहने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि तहसील दिवस आयोजित करने के लिए महीने में प्रथम और तृतीय मंगलवार दो दिन तय किए गए हैं। महीने के प्रथम मंगलवार को कारणवश तहसील दिवस आयोजित नहीं किया जाता है, तो उस माह के तृतीय मंगलवार को सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा।
रोस्टर के अनुसार अगले माह दो जुलाई को प्रतापनगर तहसील में खंड विकास कार्यालय में तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा। 06 अगस्त को देवप्रयाग तहसील, तीन सितंबर जाखणीधार, एक अक्तूबर को कीर्तिनगर, पांच नवंबर को घनसाली, तीन दिसंबर को पावकी देवी उप तहसील, सात जनवरी को कंडीसौड़ में, चार फरवरी को बालगंगा तहसील के चमियाला इंटर काॅलेज में, चार मार्च को धनोल्टी तहसील क्षेत्र में ब्लाॅक मुख्यालय थत्यूड़, एक अप्रैल को मदननेगी उप तहसील, छह मई को गजा, तीन जून 2025 को नैनबाग तहसील, एक जुलाई 2025 को टिहरी तहसील और पांच अगस्त 2025 को नरेंद्रनगर में तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा।