शक्ति फाउंडेशन और यूनीफायर्स सोशल वेंचर्स ने जाखणीधार ब्लॉक के गांवों में ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर और मास्क का वितरण किया। बताया गया कि जाखणीधार ब्लॉक के हर गांव में प्रधानों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच उपकरण वितरित किए जाएंगे।
संस्था के क्षेत्रीय प्रमुख अमित उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार को अंजनीसैण, मोली, कोटी, बैंसोली, एक्रास, चौरा, पाली और चडियारा आदि गांव के प्रधानों को स्वास्थ्य जांच सामग्री वितरित की गई। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिन में ब्लाक की सभी 92 ग्राम पंचायतों में सामग्री बांटी जाएगी। इस मौके पर सुनील उपाध्याय और अनिल उपाध्याय मौजूद थे। उधर, प्रतापनगर में पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी ने ढुंग मंदार, सारपुल, ननवां, चौंदाणा, कंडोगी, सैण, लासी, सेमियां, गढ़, स्यूरी, बडवाली, कस्तल, म्यूंडी, मुसांकरी, मोल्ठा, बडोनगांव और सेमा भटवाड़ा में दवा किट का वितरण किया। मसूरी जोन के संत निरंकारी मंडल ने भी प्रतापनगर में खांसी-बुखार से पीड़ित 82 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां बांटी। लंबगांव ब्रांच प्रमुख देवी सिंह पंवार ने बताया कि ग्रामीणों को मास्क और सैनेटाइजर भी दिए गए। उन्होंने बताया कि निरंकारी मिशन की ओर से उपली रमोली, भदूरा, ओण और रौणद रमोली में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा।