जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को सभी इंटरमीडिएट कालेजों में सीएसआर मद से कप्यूटर लगाने के निर्देश दिए है। उन्होंने टीएचडीसी के सामाजिक दायित्व मद और समेकित जलागम प्रबंधन कार्यक्रम की समीक्षा भी की।
बैठक में प्रतापनगर प्रधान संगठन ने सीएसआर से बनाए जा रहे शौचालय मानक के अनुरूप नहीं बनाने का आरोप लगाते हुए फ्री-फेब्रिकेटड के स्थान पर पक्के शौचालय का निर्माण करने की मांग की।
जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम पंत ने कहा कि डीईओ बेसिक को जिले के शौचालय विहीन स्कूलों की सूची टीएचडीसी को सौंपने, इंटर कालेजों में सीएसआर मद से कंप्यूटर लगाने के निर्देश दिए।
टीएचडीसी सीएसआर के महाप्रबंधक एचएल भराज ने बताया कि प्रतापनगर में स्वीकृत 69 शौचालय में से 66 का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रतापनगर प्रधान संगठन के अध्यक्ष रणवीर राणा ने बताया के अधिकारी स्वीकृत धनराशि से कम में शौचालय का निर्माण करवा रहे हैं।
सीडीओ डा. अहमद इकबाल ने बताया कि भिलंगना के 69, नरेंद्रनगर के 84 राजस्व गांवों में जलागम प्रबंधन की योजनाएं संचालित की जा रही है। इस मौके पर एसडीएम बृजेश तिवारी, डीईओ एसपी सेमवाल, डीडीओ पीके पांडे, पीडी आरएस रावत, कृषि अधिकारी सुरेश चंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह, आरपी बडोनी, आरएस कुड़ियाल, एसएस बिष्ट, लक्ष्मण सिंह मौजूद थे।