नई टिहरी। खेल निदेशालय और जिला प्रशासन की पहल पर शनिवार को बौराड़ी स्टेडियम में जिला स्तरीय बेसबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। बालक वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में राजकीय इंटर कॉलेज ढुंगीधार और बालिका वर्ग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाखचौरा की टीम ने जीत दर्ज की। बारिश के कारण इसके बाद अन्य मुकाबले नहीं हो सके।
प्रतियोगिता का शुभारंभ कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनोज नेगी ने किया। बालक वर्ग के पहले मुकाबले में राजकीय इंटर कॉलेज ढुंगीधार ने स्वामी रामतीर्थ स्कूल बौराड़ी को 4-2 से हराया। बालिका वर्ग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाखचौरा ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बादशाहीथौल को 3-2 से शिकस्त दी। प्रतियोगिता में सभी टीमों के मुकाबले लीग आधार पर खेले जाएंगे।
इस मौके पर आयोजक सचिव यजुवेंद्र चौहान, चक्रधर प्रसाद भद्री, ब्लॉक खेल समन्वयक यशपाल रावत, संरक्षक राजेंद्र प्रसाद डोभाल, राकेश चौहान, आकाश दीप शाह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हितेश चौहान, देवेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।