नई टिहरी। पुलिस विभाग में सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए पुलिसकर्मियों के आश्रितों को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए टिहरी जिले में 20 अभ्यर्थियों को आरक्षी पद पर नियुक्त किया गया। बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उन्हें ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा निभाने का आह्वान किया।
प्रदेशभर में कुल 89 मृतक आश्रितों को आरक्षी पद पर नियुक्त किया गया है, जिनमें से 20 टिहरी जिले से हैं। पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अग्रवाल ने कहा कि पुलिस विभाग केवल नौकरी का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने दिवंगत पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ पुलिस सेवा में योगदान दें और आमजन की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएं। एसएसपी ने बताया कि सभी 20 अभ्यर्थियों को एक माह का प्रारंभिक प्रशिक्षण (जेटीसी) चंबा स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में दिया जाएगा, जिससे वे पुलिस सेवा के मूल सिद्धांतों एवं कार्यप्रणाली से परिचित हो सकें। अपर पुलिस अधीक्षक जेआर जोशी ने कहा कि मृतक आश्रितों को पुलिस सेवा में शामिल कर विभाग ने एक संवेदनशील पहल की है। यह न केवल दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को संबल प्रदान करेगा, बल्कि नव नियुक्त आरक्षियों को भी समाज सेवा का अवसर मिलेगा।