कंडीसौड़ (टिहरी)।
सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या घटने के कारण शिक्षा विभाग की क्लस्टर योजना अधर में है। अभिभावकों के विरोध के बाद यह योजना आगे नहीं बढ़ पाई है। थौलधार ब्लॉक में बमोरीखाल जूनियर हाईस्कूल और हाईस्कूल का एकीकरण करने के प्रस्ताव पर विभाग मौन है। अभिभावकों ने विभाग के सामने मानकानुसार शिक्षकों की नियुक्ति करने या दोनों स्कूलों का एकीकरण करने का प्रस्ताव रखा है लेकिन विभाग अभी तक कोई निर्णय नहीं ले पाया है।
थौलधार ब्लॉक में ग्राम नेरी, झकोगी और बरनू के बमाेरीखाल जूनियर हाईस्कूल में 58 छात्रों पर दो शिक्षक और हाईस्कूल में 47 छात्रों पर पांच शिक्षक कार्यरत हैं। अभिभावकों का कहना है कि जूनियर हाईस्कूल में छात्र संख्या के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्त पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। नेरी के प्रधान महिपाल सिंह राणा, झकोगी के प्रधान राजेंद्र सिंह पंवार और बरनू की प्रधान संगीता पंवार ने कहा कि छात्र संख्या के अनुपात में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कई बार की गई है। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के सामने छात्र संख्या के अनुपात में शिक्षकों की तैनाती और नियुक्ति नहीं होने की स्थिति में 50 मीटर के दायरे में चल रहे दोनों स्कूलों का एकीकरण कर छात्र संख्या के अनुपात में शिक्षक नियुक्त करने की मांग की है, लेकिन शिक्षा विभाग अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य बनदेई राणा और मकान सिंह राणा ने कहा कि यह मांग पिछले दो साल से उठाते आ रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। इसी कारण लोग गांव से पलायन करने को मजबूर हैं।
दोनों स्कूल एक ही परिसर में संचालित किए जा रहे हैं, जिससे वहां शिक्षकों की जरूरत नहीं है। अभिभावक अगर दोनों स्कूलों का एकीकरण करना चाहते हैं, तो ग्राम पंचायत से प्रस्ताव मंगाकर शासन को भेज दिया जाएगा।
- पूनम चौहान, जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) नई टिहरी।
जारी-