यात्रा मार्ग पर टिहरी जिले में 32 सुलभ और पांच मोबाइल शौचालयाें की है सुविधा
नई टिहरी। चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन की पहल पर टिहरी जिले के यात्रा मार्गों पर अलग-अलग स्थानों पर लगभग 32 सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पांच स्थानों पर मोबाइल शौचालय स्थापित किए गए हैं। गंगोत्री- केदारनाथ मार्ग पर केमुंडखाल, छतियारा, जख्याली व मूलगढ़ में मोबाइल शौचालयों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
टिहरी जिले में ऋषिकेश-बदरनीथ हाईवे, ऋषिकेश-गंगोत्री, उत्तरकाशी-लंबगांव-चमियाला मोटर मार्ग पर मुनिकीरेती, तपोवन, व्यासी, कोडियाला, तीनधारा, देवप्रयाग, पलेथी, मलेथा, कीर्तिनगर, नरेंद्रनगर, चंबा, कमांद, कंडीसौड़, लंबगांव, घनसाली, चमियाला स्थानों पर सुलभ शौचालयों की व्यवस्था है।
घनसाली ने भैसर्क, नई टिहरी में कोटीकॉलोनी, चंबा में उत्तरकाशी मार्ग पर और देवप्रयाग में मोबाइल शौचालय स्थापित किए गए हैं। भिलंगना ब्लॉक में चारधाम यात्रा रूट गंगोत्री-यमुनोत्री- बूढ़ाकेदार- केदारनाथ सड़क पर छतियारा, जख्याली व मूलगढ़ में सार्वजनिक शौचालय की जरूरत है। ग्राम प्रशासक उदय नेगी, ऋषिता श्रीयाल, यशवंत गुसाईं ने बताया कि उक्त जगहों पर शौचालय नहीं है।
लंबगांव व्यापार मंडल के अध्यक्ष युद्धवीर सिंह का कहना है कि गंगोत्री-यमुनोत्री-केदारनाथ रूट पर लंबगांव से करीब 19 किमी दूर केमुंडाखाल में यात्रियों के लिए शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। लंबगांव व चमियाला नगर पंचायत के प्रभारी ईओ राजेंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि लंबगांव में दो शौचालय पहले से बने हैं। स्वीकृत एक और शौचालय का निर्माण कार्य जल्द शुरु किया जाएगा। नगर पंचायत चमियाला में चार शौचालय बने हैं।