टिहरी दौरे पर आए ऊर्जा व वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत को विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों के निराकरण के लिए ज्ञापन दिए हैं। उन्होंने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
संघ ने वर्दीधारी वनकर्मियों को पुलिस की भांति समय पर वर्दी धुलाई व जोखिम भत्ता देने, वन्य जीव मानव संघर्ष, वनाग्नि और वन तस्करों से मुठभेड़ में वीर गति को प्राप्त होने वाले कर्मियों को पुलिस के समान मेडल और आश्रितों को अनुग्रह राशि प्रदान करने, वन दरोगाओं को आठ के बजाए पांच वर्ष और वन आरक्षियों को 10 साल के बजाए आठ साल में पदोन्नति देने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में संघ के अध्यक्ष अजयपाल सिंह पंवार, ओम प्रकाश कुकरेती, लक्ष्मण सिंह सजवाण, जय सिंह कंडारी, रमेश थपलियाल, रोशन लाल, दीपक रजवार, राजेंद्र सिंह पंवार और गुड्डी देवी आदि शामिल थे।
उत्तरांचल बिजली कर्मचारी संघ ने भी ऊर्जा मंत्री को दिए ज्ञापन में उपनल व संविदाकर्मियों का विनियमिती करण करने, सेवा नियमावली बनाकर समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उपनलकर्मी 15-50 सालों से अल्प वेतन में कार्य कर आर्थिक परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। ज्ञापन देने वालों में राजेश चमोली, त्रिलोक रावत, विक्रम सरियाल, रघुवीर भट्ट, कांति प्रसाद, ओंकार सिंह नेगी, मनवीर कृषाली, सुरेश नेगी और सुरेश बडोनी आदि शामिल थे।