निशुल्क बिजली और पानी को लेकर टिहरी बांध प्रभावितों का धरना जारी
नई टिहरी। टिहरी बांध प्रभावितों का निशुल्क बिजली और पानी देने की मांग लेकर बौराड़ी के गणेश चौक में 57 वें दिन भी धरना जारी है। धरने पर बैठे लोगोें ने नारेबाजी कर मांग पूरी न होने पर आक्रोश जताया।
जन अधिकार संघर्ष टिहरी के अध्यक्ष सागर भंडारी ने कहा कि बांध प्रभावित और विस्थापित निशुल्क बिजली पानी की मांग को लेकर आंदोलनरत है। लेकिन उनकी मांग को शासन-प्रशासन अनसुना करने में लगा है। कहा कि जिन लोगों ने देश हित के लिए टिहरी बांध निर्माण में पूरा सहयोग कर अपनी पैत्रिक संपत्ति के साथ अपनी संस्कृति को खो है। सरकार को आज उन्हीं की आवाज को दबाने का काम कर रही है। कहा कि प्रत्येक वर्ष सरकार को टिहरी बांध से करोड़ों रुपये की आय होती है, लेकिन टिहरी के लोगों की उपेक्षा की जा रही है, इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता गोपीनाथ रावत ने कहा कि टिहरी बांध से देश के कई राज्यों को सिंचाई के लिए पानी और बिजली दी जा रही है। लेकिन दुर्भाग्य से टिहरी के लोगों को बिजली-पानी के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। नई टिहरी और आसपास ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को झील का गंदा पानी पिलाया जा रहा है। लोगों की ओर से समय-समय पर शुद्ध पेजयल उपलब्ध करने की मांग की गई, लेकिन उसे भी अनसुना कर दिया गया। कहा कि बांध प्रभावितों की मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। इस मौके पर मोर्चा के महासचिव मानवेंद्र रावत, अजय पंवार, शिवम डिमरी, दिनेश भट्ट, राम भरोसे, कुलदीप रावत, एकादशी देवी, शशी बहुगुणा, शीला पैन्यूली, कुसुम बिष्ट, प्रतिमा, सरोजनी, विजय लक्ष्मी देवी, उर्मिला रावत, किरन रावत, सीता रमोला, देवांक चमोली आदि मौजूद थे।