बालिका इंटर कॉलेज में बाल कल्याण समिति की ओर से आयोजित की गई जागरूकता गोष्ठी
नरेंद्रनगर (टिहरी)। ठाकुर किशोर सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बाल कल्याण समिति और चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 की ओर से विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को नशा मुक्ति, साइबर क्राइम और बाल सुरक्षा की जानकारी दी गई।
बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता शिविर में बाल कल्याण समिति के सदस्य राजेंद्र गुसाईं ने कहा कि इंटरनेट के दौर में क्राइम के नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। ऐसे दौर में सबको सोशल मीडिया का सावधानी से उपयोग करना चाहिए। छात्राओं को नशा मुक्त रहने, साइबर क्राइम से बचने, महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि बाल कल्याण समिति जरूरतमंद बच्चों का संरक्षण करती है। परियोजना समन्वयक दीपक भट्ट ने कहा कि शराब, मादक पदार्थ और तंबाकू का सेवन करने से व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक जीवन पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। छात्राओं को व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम आदि का सुरक्षित ढंग से उपयोग करने की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या बैंक विवरण की मांग करने वाले संदेशों पर कभी भरोसा न करें।
किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, नजदीकी थाना या 112 पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। चाइल्ड हेल्प लाइन टोल फ्री नंबर 1098, बाल विवाह, स्क्रीन की लत के नुकसान के बारे में भी बताया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य मंजू चौहान, ललिता रावत, पूर्णिमा मिश्रा, कविता मेहरा, सीमा मल्होत्रा, हेमलता देवराडी, जेपी नौटियाल, प्रीति रतूड़ी, सरला सेमवाल, श्रुति जोशी, उपासना और संतोषी बिष्ट आदि मौजूद थे।