थत्यूड़ (टिहरी)। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर तालाबंदी करना छात्रसंघ अध्यक्ष को भारी पड़ गया। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने छात्रसंघ अध्यक्ष व एक अन्य छात्र नेता के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार को छात्रों ने महाविद्यालय में बीए में सीटें बढ़ाने और एमए में नए विषयों की स्वीकृति देने की मांग को लेकर तालाबंदी कर दी थी। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अनिल कटियार ने महाविद्यालय में जबरन तालाबंदी करने पर थाना थत्यूड़ को लिखित तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने कहा है कि छात्र संघ अध्यक्ष अनिल बधानी औ दिनेश रावत ने तालाबंदी कर स्टाफ को अंदर बंद कर दिया था। नोटिस बोर्ड से मेरिट लिस्ट फाड़ दी है। थानाध्यक्ष एमएल जखमोला ने बताया कि प्राचार्य की तहरीर के दोनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ब्यूरो