नरेंद्रनगर (टिहरी)। चार छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार जूनियर हाईस्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक को पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। शिक्षा विभाग ने भी आरोपी शिक्षक के निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी है। खंड शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांचकर रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को सौंप दी है।
नरेंद्रनगर ब्लॉक के एक जूनियर हाईस्कूल में प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरीश चंद्र उनियाल को पुलिस ने चार छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में प्रधान की तहरीर के आधार पर सोमवार को गिरफ्तार किया था। स्कूल पहुंचकर आक्रोशित अभिभावकों ने आरोपी की जमकर धुनाई भी की थी। मेडिकल के बाद मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को नई टिहरी जिला सत्र एवं न्यायाधीश (पोक्सो) मीना तिवारी की अदालत में पेश किया। थानाध्यक्ष आरके सकलानी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) सुदर्शन सिंह बिष्ट ने बताया कि बीईओ से मामले की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। रिपोर्ट अध्ययन के बाद शिक्षक के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।