चंबा (टिहरी)। नगर पालिका की ओर से विभिन्न निर्माण कार्यो का टेंडर जारी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पालिका सभासदों ने बिना उनकी सहमति के 50 लाख रुपये के निर्माण कार्यों के टेंडर आमंत्रित करने पर कड़ा आक्रोश जताया।
ईओ को ज्ञापन सौंपकर टेंडर निरस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि पालिका बोर्ड को विश्वास में लिए बिना ही इस तरह के कार्य करना उचित नहीं है। वहीं ईओ प्रशांत चौधरी का कहना है कि मामला प्रशासक काल है। इस बाबत अध्यक्ष ही अंतिम निर्णय लेंगे। सभासद शक्ति प्रसाद जोशी ने बताया कि उनके वार्ड में निर्माण कार्य के संबंध में कोई भी प्रस्ताव नहीं मांगा गया। जिससे चुने हुए जनप्रतिनिधि अपने को ठगा महसूस कर रहे है।
बोर्ड की स्वीकृति के इस तरह के निर्णय नहीं लिए जाने चाहिए। उन्होंने ईओ तत्काल टेंडर निरस्त करने की मांग की है। ईओ चौधरी ने कहा कि यह टेंडर प्रशासक काल के हैं। आचार संहिता के चलते पूर्व में निरस्त किए गए थे। लेकिन नवनिर्वाचित अध्यक्ष बनने के बाद फिर से टेंडर प्रकाशित किए गए। इस मामले में अध्यक्ष को अवगत कराया है, उन्हीं के स्तर से निर्णय लिया जाना है। ज्ञापन पर सभासद महेश दत्त, अरविंद मखलोगा, गौरव फोंदणी, विक्रम सिंह, रचना, सरोजनी देवी, मनोरमा नकोटी, दीपक गुनसोला के हस्ताक्षर हैं।