चंबा/नई टिहरी। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वयंसेवियों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को राष्ट्रहित में योगदान देने का संदेश दिया। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति को लेकर भी जागरूक किया गया।
विद्या मंदिर इंटर कॉलेज उनियालसारी चंबा में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मार्गों से जागरूकता रैली निकाली। सुमन पार्क और विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रधानाचार्य इंद्रपाल परमार ने स्वयंसेवियों से स्वप्रेरणा से कार्य करने और घर, विद्यालय व आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी सुरजीत पुंडीर, केशवानंद मैठाणी, सागर डोभाल आदि मौजूद रहे। इधर, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र सिंह मिश्रवाण ने स्वयंसेवियों को योजना के उद्देश्य और कार्यों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल ने स्वयंसेवियों से अनुशासित और स्वप्रेरित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट छात्रा साईशा को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। उधर एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में मुख्य अतिथि सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर परिसर निदेशक प्रो. एए बौडाई, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शंकर लाल, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रविंद्र धरावथ, डॉ. आराधना बंधानी आदि मौजूद रहे।