चंबा-मखल्वाणु-उनियाल गांव-भेदुड़ी मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। ग्रामीण पिछले एक दशक से सड़क की मांग कर रहे है, लेकिन समस्या जस की तस बनी है। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर खुद ही फावड़ा कुदाल उठाकर सड़क निर्माण करने का निर्णय लिया है। ग्राम सभा की बैठक बुलाकर निर्माण कार्य शुरू करने की तिथि एक सप्ताह में घोषित करने का निर्णय लिया।
चंबा विकासखंड के अंतर्गत पुरसोल गांव, डोभाल गांव, उनियाल गांव, मख्लवाणु, भेदुड़ी गांव के लोग सड़क सुविधा से वंचित हैं। तीन किमी चंबा-मखल्वाणु-उनियाल गांव-भेदुड़ी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्र की करीब 700 की आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांवों में अधिकांश पूर्व सैनिकों के परिवार निवासरत हैं। सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को दो से तीन किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ती है। सड़क नहीं होने से बीमार लोगों को चारपाई से अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। प्रधान लीला देवी, प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष भगवान सिंह कुंवर का कहना है कि गांव के विकास के लिए सड़क निर्माण की मांग को लेकर दो बार आंदोलन भी कर चुके हैं, लेकिन शासन-प्रशासन उदासीन बना हुआ है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता वीके सैनी का कहना है कि चंबा-मखल्वाणु-उनियाल गांव-भेदुड़ी मोटर मार्ग निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, लेकिन शासन से स्वीकृति नहीं मिल पाई है।