आपदा के एक साल बाद हेंवल नदी पर तिमली सेरा में पुल निर्माण के लिए प्रशासन की नींद टूट गई है। तिमली सेरा में पुल निर्माण के लिए शासन ने आठ लाख की स्वीकृति दे दी है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कार्यदायी संस्था आरईएस को 4 लाख 89 हजार की पहली किस्त प्राप्त भी हो चुकी है।
बीते साल 15 अगस्त को हेंवल नदी मेें बाढ़ आने से ग्राम पंचायत चौंपा के तिमली सेरा स्थित पुल बह गया था, जिससे ग्रामीण कई दिनों तक घरों में कैद हो कर रहे गए थे। तब एसडीएम नरेंद्रनगर ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नदी में बिजली के पोलों से ग्रामीणों की आवाजाही शुरू करवाई थी।
अब मानसून सिर पर होने से नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। ऐसे में ग्रामीण और स्कूली बच्चे जान जोखिम में रखकर बिजली के पोलों से आवाजाही करने को मजबूर हैं। 28 जून को अमर उजाला ने पुल के लिए उतरे सड़क पर खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने निर्माण कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुल निर्माण के लिए आठ लाख स्वीकृत हो चुके हैं। पहली किस्त 4 लाख 89 हजार रुपये आरईएस को मिल चुके है। पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी जल्द से जल्द पुल निर्माण शुरू करने की मांग की है।