नई टिहरी। कांग्रेस कार्यकर्ताओें ने जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल के नेतृत्व में नई टिहरी-बौराड़ी की मुख्य सड़क से अंग्रेजी शराब दुकान को शिफ्ट करने की मांग के लिए दुकान के आगे सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में दुकान का शिफ्ट करने की मांग की है।
नई टिहरी-बौराड़ी-भागीरथीपुरम को जाने वाली मुख्य सड़क पर बौराड़ी में शराब की दुकान के समीप गत रात्रि को एक टैक्सी वाहन ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार के वाहन, एक स्कूटी और एक अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। जिलाध्यक्ष खंडवाल ने बताया कि दुर्घटना में दो लोग चोटिल हुए हैं। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शराब की दुकान की आगे सांकेतिक धरना देते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस शहर अध्यक्ष पंवार ने कहा कि शराब की दुकान पर शाम को वाहनों की भीड़ लग जाती है, जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। कहा कि शीघ्र दुकान को शिफ्ट नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन शुरू करेगी।
शराब की दुकान संचालक विष्णु सजवाण का कहना कि दुकान के समीप मुख्य सड़क पर विगत कई वर्षों से अवैध झुग्गियां बनाकर कुछ लोग रहे हैं, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। बताया गत रात्रि शराब की दुकान से करीब सौ मीटर दूर एक वाहन अन्य वाहनों को टक्कर मारी दी। कुछ लोग शराब की दुकान को बेवजह मुद्दा बना रहे हैं। इस मौके पर गबर सिंह रावत, देवेंद्र नौडियाल, किशोर सिंह मंद्रवाल, कुशीलाल, मुर्तजा बेग, धनवीर कलूड़ा, अंकित कुमार, दीपक कुमार, मनीष सकलानी, दर्शन उनियाल आदि मौजूद थे।