लंबगांव में अजेंद्र कंडारी हत्या के विरोध में प्रदर्शन करते। स्रोत जागरूक पाठक
नशा मुक्त जन मोर्चा ने की प्रदेश को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाने की मांग
लंबगांव (टिहरी)। उत्तराखंड को नशामुक्त प्रदेश बनाने और मुनिकीरेती में अजेंद्र कंडारी हत्या के विरोध में नशा मुक्त जन मोर्चा के संयोजक देवी सिंह पंवार के नेतृत्व में लोगों ने लंबगाव में शहीद स्मारक पर धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से देवभूमि को नशा मुक्त बनाने की मांग की।
जन मोर्चा के संयोजक व राज्य आंदोलनकारी पंवार ने कहा कि शराब के कारण गत दिनों मुनिकीरेती क्षेत्र के खारास्रोत में अजेंद्र की निर्मम हत्या हो गई थी। उन्होंने प्रदेश सरकार से हत्या की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। कहा कि शराब के कारण एक परिवार ने अपना बेटा खोया है। आए दिन शराब के कारण कई घर उजड़ रहे हैं।
प्रतापनगर क्षेत्र में शादी-समारोह में शराब विरोधी मुहिम चल रही है। अभियान को लोगों का समर्थन भी मिल रहा है। प्रदेश में शराब को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने की मांग की। इस मौके पर रामदेव कलूड़ा, भगवान सिंह खरोला, प्रदीप नेगी, विजयपाल, किशन नेगी, विनोद तिवारी, अबल सिंह रावत, राजीव सेमवाल, विश्वेश्वर प्रसाद सेमवाल मौजूद थे।