स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसे बेवजह क्षेत्रीय लड़ाई का मुद्दा बना रहे
नई टिहरी। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नई टिहरी के इणिया में ही मेडिकल कॉलेज बनाने की बात कही है। उन्हें उम्मीद है कि अगली कैबिनेट बैठक में इस पर निर्णय हो जाएगा। बेवजह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इसे क्षेत्रीय लड़ाई का मुद्दा बनाया है।
विधायक उपाध्याय ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में कहा कि वे 1991 से टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए संघर्षरत हैं। 2006 में तत्कालीन सीएम स्व. एनडी तिवारी से कोटी काॅलोनी में कॉलेज के निर्माण की मांग रखी। वर्ष 2011 में वे मेडिकल कॉलेज की मांग व अन्य मुद्दों पर विधानसभा के अंदर ही धरने पर बैठ गए थे। 2012 में पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने भी नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी। वर्ष 2022 में तीसरी बार विधायक बने तो सीएम धामी को 10 शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्यों में उन्होंने मेडिकल कॉलेज को पहली वरीयता रखा था।
14 जुलाई 2024 को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके प्रस्ताव पर इणिया में मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्वीकृति दी थी जिसे सीएम धामी ने आगे बढ़ाया। इणिया में भूमि को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार्यदायी संस्था ब्रिज एंड रोप लिमिटेड ने डीपीआर तैयार की है। अब स्थान परिवर्तन की राजनीति करना ठीक नहीं है।
उन्होंने सीएम से टिहरी की भावनाओं की रक्षा करने को कहा है। उन्होंने जिला मुख्यालय में गत 31 जुलाई के स्वतः स्फूर्त आंदोलन का स्वागत किया है। कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए टीएचडीसी के अलावा अन्य पीएसयू भी बजट देंगे। उनकी कई स्तर पर बात हुई है। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार, मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, हरि सकलानी आदि मौजूद थे।
संयुक्त संघर्ष समिति जन जागरूकता अभियान शुरू करेगी
पूर्व जिला पंचायत सदस्य भट्ट का दूसरे दिन भी जारी रहा धरना
नई टिहरी। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बैठक कर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर जन जागरूकता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त समिति की बैठक की अध्यक्षता करते चतर सिंह चौहान ने कहा कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर संघर्ष समिति जनता के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाएंगी। कहा कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का निर्माण जिला मुख्यालय या आसपास के क्षेत्र में किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया समिति के लोगों प्रत्येक दिन शाम को शहर के विभिन्न वार्डों में बैठकें कर लोगों से कॉलेज निर्माण के लिए समर्थन जुटाएंगे। बताया बैठक में 25 सदस्यों की समिति गठित की गई है जो शीघ्र मुख्यमंत्री से मिलकर जिला मुख्यालय या पूर्व में चिह्नित जगह इणिया में ही मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग करेगी।
इधर मेडिकल निर्माण की मांग को लेकर श्रीदेव सुमन पार्क में सत्याग्रह पर बैठक पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि जब तक पूर्व प्रस्तावित स्थान पर मेडिकल कॉलेज बनने की घोषणा नहीं हो जाती उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने सीएम से शीघ्र कॉलेज निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।
इस मौके पर संघर्ष समिति के संयोजक डॉ़ राकेश भूषण गोदियाल, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, महिपाल नेगी, दर्शनी रावत, भगवान सिंह रावत, शिवराज सजवाण, कुलदीप पंवार, शूरवीर पंवार, कमल सिंह महर, रमेश रतूड़ी, देवेंद्र नौडियाल, गंगा भगत नेगी, विजयपाल रावत, राहुल बुटोला, सीपी डबराल, हितेश चौहान, मस्तराम भट्ट, टीकम चौहान, भूपेंद्र चौहान, आशा रावत, मायाराम थपलियाल, संदीप रावत आदि मौजूद थे।