मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अगले दो-तीन वर्षों में टिहरी विकास के नए मॉडल के रूप में उभरेगा। अभी यहां जो भी कार्य हो रहे हैं वह शुरुआत भर हैं, लेकिन भविष्य में यहां पर्यटन के माध्यम से रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की मांग पर जिला पंचायत के लिए अतिथिगृह और जाखणीधार के नवाकोट से रतोलीे तक तीन किमी मोटर मार्ग की स्वीकृति की घोषणा की।
मुख्यमंत्री रविवार को जिला पंचायत की ओर से बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित वसंतोत्सव मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के लिए टूरिज्म की नई विधाएं अपनाई जा रही है। नेशनल हाईवे के किनारों पर शिल्प, फूड क्राफ्ट पार्क बनाए जा रहे हैं, इससे निश्चित ही स्थानीय उत्पादों की डिमांड बढ़ेगी। पर्यटन एवं युवा कल्याण मंत्री दिनेश धनै ने आठ मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी बांध विस्थापित-प्रभावितों को मुफ्त बिजली देने का वादा पूरा नहीं हो पाया है।
इस मौके जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, दर्जा राज्य मंत्री प्रवीन भंडारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्याम सिंह पंवार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शांति भट्ट, प्रमुख विजय गुनसोला, आनंदी नेगी, बेबी असवाल, विक्रम पंवार, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष दर्शनी रावत, राकेश राणा, वीना सजवाण, मुरारीलाल खंडवाल, मोहन सिंह रावत, फारुख शेख, कर्म सिंह तोपवाल, रागिनी भट्ट, गंगाधर चमोली, कुलदीप पंवार आदि मौजूद थे।
चार मांगें होंगी पूरी
पर्यटन मंत्री ने मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में जाखणीधार के कपरियाणीसैड़ में 20 बेड का अस्पताल खोलने, चंबा में मखलाणू, भोनाबागी-भेटुड़ी एवं पुजाल्डी-जड़ीपानी सड़क, जाखणीधार के पुनाणू में नलकूप निर्माण, लामरीधार में थ्री जी मोबाइल टावर लगाने, नई टिहरी पीजी कालेज स्नातक में अर्थशास्त्र विषय की स्वीकृति देने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार चार मांगे पूरी की जाएंगी।