नरेंद्रनगर (टिहरी)। कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों के नाम रही। छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत और नाटकों के माध्यम से प्रतिभा दिखाई। सांस्कृतिक प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल ने ऐच्छिक और अनिवार्य दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, शिशु विद्या मंदिर नरेंद्रनगर ने दोनों वर्गों में दूसरा स्थान हासिल किया।
मंगलवार को तीसरी सांस्कृतिक संध्या में क्रिश ज्योति के बच्चों ने मराठी रीमिक्स पर नृत्य प्रस्तुत किया। आंचल विद्या भारती के विद्यार्थियों ने बम-बम भोले मस्ती में डोले, देशभक्ति गीत और झटका जरा सा व इतनी सी खुशी बॉलीवुड रीमिक्स पर प्रस्तुतियां दीं। गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मोबाइल की अधिक लत विषय पर नाटक के माध्यम से मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
प्राथमिक विद्यालय वर्ग की सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सात विद्यालयों ने ऐच्छिक और अनिवार्य वर्ग में प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना, महिषासुर वध, रक्तबीज, गुंजन अस्थाना थीम और शिव संवाद पर प्रस्तुतियां दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों और शास्त्रीय गीतों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। उच्च वर्ग की प्रतियोगिता में धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय और राजकीय पॉलीटेक्निक नरेंद्रनगर के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों ने नंदा देवी राजजात की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी । अनिवार्य वर्ग में राजकीय महाविद्यालय प्रथम और ऐच्छिक वर्ग में राजकीय पॉलीटेक्निक प्रथम रहा। निर्णायक मंडल में शालिनी जोशी, शैलेंद्र नौटियाल और राधा शामिल रही। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष विमल नेगी, एसडीएम आशीष चंद्र घल्ड़ियाल, सभासद सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता, विनीता, सरिता जोशी, महेश गुसाईं आदि मौजूद रहे।