नवनियुक्त उप खंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद ने मंगलवार को विकास खंड के दो दर्जन प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। शिक्षकों को विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और नियमित कक्षाएं लेने को कहा।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय थयेली, फलेंडा, कोटी, जाख, शांताखाल, मैगाधार, भेटी, पाख, दोणी, अखोड़ी, पडागली और पिलखी आदि विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान कुछ जगह शिक्षकों ने उन्हें बताया कि गुलदार के डर से अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं।
बता दे कि बीते 26 जून को फलेंडा में गुलदार ने एक आठ वर्षीय बालिका को निवाला बना दिया था। तब से गुलदार शूटर के निशाने पर नहीं आ पाया है। वन विभाग ने गुलदार को मारने के लिए शूटर शूरवीर सिंह भंडारी को तैनात किया है और पिंजरा भी लगा रहा है। लेकिन क्षेत्र के लोगों के मन से गुलदार का खौफ दूर नहीं हो पाया है।