थौलधार ब्लॉक के खांड गांव में एक बच्चे की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह तब हुई जब वह अपने साथियों के साथ प्राथमिक स्कूल के फील्ड में क्रिकेट खेल रहा था। घटना से बच्चे के माता-पिता गहरे सदमे में है।
खांड गांव के लोगों ने बताया कि प्रेम सिंह कुमाईं का बेटा सूरज (12) सोमवार सुबह करीब सात बजे प्राथमिक स्कूल के फील्ड में क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान बाल झाड़ियों में जा गिरी। सूरज ने बाल के लिए झाड़ियों में हाथ डाला तभी सांप ने उसकी अंगुली डंस ली। उसके कुछ देर बाद ही वह बेहोश होकर गिर गया। परिजनों को करीब 20 मिनट बाद घटना का पता चला, तो वह सूरज को लेकर एक घंटे बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कंडीसौड़ लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मानव अधिकार आयोग के सदस्य बलदेव सिंह कुमाईं, मायाराम लसियाल, प्रताप सिंह चौहान और चमन गुसाईं ने कहा कि लाखों की लागत से बनाया गया ट्रामा सेंटर भी धूल फांक रहा है। सूरज की मौत की खबर गांव पहुंचते ही इकलौता पुत्र खोने पर माता पुनीता देवी, पिता प्रेम सिंह और बड़ी दीदी गहरे सदमे में है। कक्षा आठ में पढ़ रहे इस होनहार बालक की मौत पर गांव में मातम पसर गया।