नई टिहरी में विकास कार्यो का लोकापर्ण करते सीएम पुष्कर सिंह धामी।
- फोटो : NEW TEHRI
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने आपदा से बंद और क्षतिग्रस्त सड़कों को खोलने, ऑल वेदर परियोजना के कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को समय पर मुआवजा देने के निर्देश दिए। दूर-दराज के गांवों से शिकायत लेकर कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कहा प्रत्येक कार्यालय में सुबह 10 बजे से दुपहर 12 बजे तक संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनता की समस्याएं सुनें।
बैठक में सीएम ने कोविड-19 टीकाकरण की स्थिति, खाद्य आपूर्ति विभाग से संबंधित योजनाओं, जल जीवन मिशन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, सीएम हेल्प लाइन, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना की जानकारी ली। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत जिले में 407 लाभार्थियों का चयन किया गया है। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरण योजना के तहत अप्रैल से जून तक 740 किट प्राप्त हुई थी। इनमें से 640 का वितरण किया जा चुका है। जबकि जुलाई और अगस्त माह के लिए डिमांड भेजी गई है। वन भूमि हस्तांतरण के 201 प्रकरणों में से 107 पर सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत अब तक सात विकासखंडों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें 1800 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सीएम ने कहा कि स्वरोजगार शिविर स्थल पर ही स्थायी निवासी, जाति, हैसियत और आय प्रमाणपत्र बनाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
बैठक में जिले के विधायकों ने ऑल वेदर परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता बताई। इस पर सीएम ने संबंधित अधिकारियों की बैठक देहरादून में शीघ्र आयोजित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार नो पेंडेंसी पर कार्य कर रही है। शासन से लेकर जिला प्रशासन स्तर पर किसी भी कार्यालय में कोई भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए। बैठक में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक डा. धन सिंह नेगी, प्रीतम सिंह पंवार, शक्ति लाल शाह, विनोद कंडारी, विजय सिंह पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सुभाष रमोला, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, सीडीओ नमामि बंसल, एसएसपी तृष्टि भट्ट, सीएमओ डा.संजय जैन आदि मौजूद रहे।