कंडीसौड़ (टिहरी)। छाम कंडीसौड़ में पुलिस थाना खुलने के दो साल बाद आखिरकार पुलिस ने थाना भवन निर्माण के लिए चार नाली भूमि की तलाश पूरी कर ली है। अब तक यहां थाना किराये के पांच कमरों में चल रहा था, जहां पर स्थान और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना है। ब्लॉक रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप उत्तराखंड सरकार की चार नाली भूमि अब पुलिस विभाग के नाम पर दर्ज हो गई है। विभाग को इस वित्तीय वर्ष में थाना भवन के लिए बजट मिलने की उम्मीद है।
छाम कंडीसौड़ में 9 नवंबर 2022 में थाने की स्थापना की गई थी। थाना भवन के लिए जगह नहीं मिलने के कारण उस वक्त वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पांच कमरों के निजी भवन पर थाने का संचालन शुरू किया गया था। चंबा-धरासू हाईवे के समीप पुलिस थाना भवन निर्माण के लिए पिछले दो साल से भूमि की तलाश कर रही थी, लेकिन वहां आसपास पर्याप्त भूमि पुलिस को नहीं मिल पाई।
पिछले सप्ताह एसएसपी आयुष अग्रवाल ने थाने का निरीक्षण कर जल्द ही थाने के लिए भूमि तलाशने के निर्देश दिए थे। थानाध्यक्ष सुखपाल सिंह मान ने बताया कि ब्लॉक रोड पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप थाना भवन निर्माण के लिए चार नाली भूमि का चयन कर लिया गया है। उक्त भूमि पुलिस विभाग के नाम दर्ज हो चुकी है। भवन निर्माण के लिए डीपीआर बनाकर शासन को भेजी जाएगी।