प्रतापनगर क्षेत्र पंचायत की बैठक में स्कूलों में मानक के अनुरूप शिक्षकों की तैनाती नहीं होने एवं आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों का पुनर्निर्माण नहीं होने पर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
सदस्यों ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी बैठकों में समस्याओं का निराकरण करने का भरोसा देते हैं, लेकिन उसके बाद कोई भी कार्रवाई नहीं होती है।
ब्लाक प्रमुख रेशमा बगियाल की अध्यक्षता में आयोजित में जिला पंचायत सदस्य मुरारी लाल खंडवाल, प्रधान जयेंद्र सेमवाल, संजय पैन्यूली, त्रिलोक रावत ने कहा कि शिक्षा विभाग ने प्रतापनगर में तैनात 70 से अधिक शिक्षकों को व्यवस्था के नाम पर दूसरे विकास खंडों में तैनाती दे दी है।
बावजूद उनके स्थान पर शिक्षक नहीं भेजे हैं, जिसके चलते स्कूलों में पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो गया है। साथ ही उच्चीकृत, नवसृजित स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई है। बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारी बैठकों में झूठे आश्वासन ही दे रहे हैं। प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, राजवीर कंडियाल ने खाद्य सुरक्षा के राशन कार्ड नहीं बनाए जाने पर रोष व्यक्त किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य धनपाल पंवार ने कंडियालगांव-महरगांव रैका मोटर मार्ग पर डामरीकरण करने, काश्तकारों का मुआवजा भुगतान करने की मांग की। प्रधान द्वारिका बगियाल ने बागी-गुलाणी मोटर मार्ग के बंद पड़े कार्य को शुरू करवाने की मांग उठाई। लोनिवि के ईई जगमोहन चौहान ने कहा कि धन की कमी होने के कारण निर्माण रोका गया है। संचालन बीडीओ कीर्ति सिंह पंवार ने किया।