नई टिहरी/लंबगांव/थत्यूड़। धनतेरस के पर्व पर बाजार में खरीदारी करने के लिए ग्राहकाें की खूब भीड़ उमड़ी। बौराड़ी बाजार में अपराह्न तीन बजे के बाद भीड़ उमड़नी शुरू हुई।
लंबगांव में तो ग्राहकों की भीड़ ने पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। थत्यूड़, चंबा, घनसाली, नरेंद्रनगर और जाखणीधार बाजार में ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहे। अधिकतर लोगों ने झाडू खरीदा। धनतेरस पर बौराड़ी में 50 से अधिक कार बिकी।
धनतेरस के त्योहार पर बौराड़ी बाजार में शाम चार बजे के बाद भीड़ उमड़नी शुरू हुई। पटाखा दुकान, लड़ी-झालर, दीपक, बर्तन, फूल और मिठाई की दुकानों पर खूब भीड़ दिखी जिससे ओपन बाजार में ट्रैफिक बंद करना पड़ा। लंबगांव बाजार में तो रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ी। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पिछले 10 सालों में इतनी भीड़ नहीं देखी गई। दिनभर भीड़ रहने से बाजार से वाहन निकालना खासा मुश्किल हो गया। हर समय जाम की स्थिति रहने से पुलिस को वाहन पास कराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घनसाली और चमियाला बाजार में भी दिनभर ग्राहक खरीदारी में जुटे रहे। चंबा बाजार में भी ग्राहक देर शाम तक खरीदारी करते रहे। नरेंद्रनगर बाजार भी दिनभर व्यस्त रहा। जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय के थत्यूड़ बाजार में भी भी लोगों ने बर्तन, स्वर्ण आभूषण, कपड़े, मिठाई और सजावटी सामान की जमकर खरीदारी की। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील भट्ट, महामंत्री राकेश सजवाण और कोषाध्यक्ष अभिषेक बडियारी ने कहा कि व्यापारियों ने कई सामान पर छूट रखने से ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। थानाध्यक्ष महावीर सिंह रावत ने कहा कि धनतेरसर पर बाजार में भीड़ उमड़ने से यातायात का संचालन काफी प्रभावित हुआ।