नई टिहरी। प्राइवेट परीक्षा फार्मों की कालाबाजारी रोकने के लिए श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन ने इस सत्र में ऑनलाइन परीक्षा फार्म जमा करने की योजना तैयार कर ली है।
फार्म का प्रारूप विवि ने तैयार कर लिया है। परीक्षा शुल्क अभ्यर्थी बैंक चालान या फिर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क पूर्व की भांति यथावत रहेगा या फिर घटेगा इसके लिए विवि को शासन की गाइडलाइन का इंतजार है। विवि प्रशासन ने 25 अप्रैल से 60 केंद्रों पर परीक्षा शुरू की योजना भी तैयार कर ली है। मार्च माह में होने वाली परीक्षा समिति की बैठक में परीक्षा कार्यक्रम पर अंतिम मुहर लगेगी।
कुलपति श्रीदेव सुमन विवि बादशाहीथौल के कुलपति डॉ. यूएस रावत का कहना है कि परीक्षा फार्म ऑनलाइन होने से सभी छात्रों को आसानी से फार्म उपलब्ध होंगे। निर्धारित तिथि तक फार्म जमा होने पर बार-बार परीक्षा कार्यक्रम में फेरबदल नहीं करना पड़ेगा। ऑनलाइन फार्म जमा होने पर फार्म में गड़बड़ी की शिकायतें भी नहीं आएंगी।