पेयजल आपूर्ति करने, राशन कार्ड बनाने और विद्युत बिलों में सुधार की मांग उठाई
नई टिहरी / कंडीसौड़। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए जिले के अलग-अलग स्थानों पर 18 से 20 जून तक विशेष शिविर लगाए गए।
डीएम नितिका खंडेलवाल ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। थौलधार ब्लॉक मुख्यालय में धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार की अध्यक्षता में शिविर लगाया गया। भिलंगना ब्लॉक में विधायक शक्तिलाल शाह और चंबा में विधायक किशोर उपाध्याय की अध्यक्षता में शिविर लगाया गया।
नरेंद्रनगर, मुनिकिरेती और तपोवन में भी प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविर लगाए गए। प्रतापनगर के भैंतलाखाल में शिविर लगाया गया। ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार और बीडीओ श्रृव्या गोयल ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए समाधान का भरोसा दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेश नेगी ने बागी, खेतपाली, नाग, डोडग थापला और भैंतला गांव में पेयजल समस्या का समाधान करने की मांग की। बलवेंद्र बरवाण ने स्यालगी-भरपूर सड़क का डामरीकरण करने की मांग उठाई।